जेल परिसर में वीडियो बनाने से रोकने पर प्रहरी से मारपीट, दो पर केस…..

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। केंद्रीय जेल परिसर में कैदियों का मोबाइल से वीडियो बनाने से रोकने पर दो युवकों ने ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी के साथ विवाद करते हुए मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने प्रहरी से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी और झूमाझटकी के दौरान उसकी वर्दी पर लगा बैच तोड़ दिया। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

बताया गया कि 1 अक्टूबर को जेल प्रहरी पुरुषोत्तम सिंह पोटाम की मुलाकाती स्थल पर ड्यूटी थी। इसी दौरान श्रीयांश सिंह और शंभू यादव जेल परिसर पहुंचे और मोबाइल से कैदियों का वीडियो बनाने लगे। प्रहरी ने जेल नियमों का हवाला देते हुए उन्हें वीडियो बनाने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों युवकों ने विवाद शुरू कर दिया और प्रहरी से मारपीट की।

प्रहरी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की है।

रील्स वायरल होने के बाद मोबाइल पर सख्ती

जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के अनुसार केंद्रीय जेल परिसर में मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित है। पहले मोबाइल पर ऐसी सख्ती नहीं थी, लेकिन कैदियों से मुलाकात और जन्मदिन समारोह के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने परिसर में मोबाइल ले जाने पर रोक लगा दी।