सुशील जयसवाल
पसान। कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र में हाथियों के लगातार बढ़ते उत्पात से ग्रामीणों और किसानों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले करीब एक सप्ताह से 50 से अधिक हाथी अलग-अलग झुंडों में रिहायशी क्षेत्रों और खेतों के आसपास विचरण कर रहे हैं। हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने और मकानों को क्षतिग्रस्त किए जाने से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

हाथी प्रभावित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण और किसान शनिवार 3 अक्टूबर को कांग्रेस नेता युसूफ खान के नेतृत्व में पसान वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचे। यहां वन विभाग के अधिकारियों के साथ करीब एक घंटे तक बैठक कर ग्रामीणों ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और राहत से जुड़ी विभिन्न मांगें रखीं।
बैठक में पसान रेंज के वन परिक्षेत्र अधिकारी मनीष सिंह ने ग्रामीणों को आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हाथियों को आबादी और खेत-खलिहानों से दूर करने के लिए विभाग की ओर से आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही हाथी प्रभावित किसानों को नुकसान की स्थिति में राहत प्रक्रिया के तहत सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
रेंजर ने यह भी कहा कि हाथियों के आवागमन में जानबूझकर बाधा डालने या उन्हें उकसाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों को हाथियों के करीब नहीं जाने तथा वन विभाग की टीम के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील भी की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। इस बार बड़ी संख्या में हाथियों के अलग-अलग झुंडों में विचरण करने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। बैठक में ग्रामीणों ने फसल और मकान क्षति सहित हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी।
