✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुरमा में कुएं की सफाई के दौरान हुए हादसे में मलबे में दबे 55 वर्षीय सोनसाय मंझवार का शव तीन दिन की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया। बुधवार 1 अक्टूबर को कुएं की सफाई का काम चल रहा था, इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया और सोनसाय इसकी चपेट में आकर नीचे दब गए।

घटना के तत्काल बाद ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची और लगातार मलबा हटाने का काम किया। कुएं की अधिक गहराई तथा बार-बार मिट्टी खिसकने के कारण राहत एवं बचाव दल को अभियान के दौरान काफी सावधानी बरतनी पड़ी। मलबे के भीतर दबे ग्रामीण तक पहुंचने के लिए तीन दिनों तक लगातार प्रयास जारी रहे।

शनिवार शाम आखिरकार रेस्क्यू टीम ने सोनसाय के शव को बाहर निकाल लिया। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और बचाव दल ने राहत की सांस ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे की सूचना के बाद से ही मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और बचाव अभियान के पूरा होने का इंतजार करते रहे। कुएं की सफाई के दौरान मिट्टी धंसने से हुए इस हादसे को लेकर प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
