✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। ग्राम पंचायत नकटीबहार में ग्राम कोटवार की नियुक्ति को लेकर विवाद सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत के सरपंच अमृतलाल उरांव सहित ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जीवन दास को ग्राम कोटवार नियुक्त किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम में पूर्व से कोटवारी का कार्य कर रहे सुखलाल, पिता मुखलाल, जाति पनिका का लगभग 20 से 25 वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। उनके निधन के बाद से ग्राम कोटवार के कार्य को लेकर स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान में कोटवारी से संबंधित कार्य बिना ग्रामवासियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की जानकारी और सहमति के किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी कहा है कि ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से चर्चा किए बिना कोटवार नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाना उचित नहीं है। इससे ग्रामीणों में असंतोष है।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कर ग्रामवासियों की भावनाओं और पंचायत प्रतिनिधियों के विचारों को ध्यान में रखते हुए जीवन दास को ग्राम कोटवार नियुक्त करने की मांग की है। साथ ही मामले में उचित कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने का आग्रह किया है।
