✍️ भागीरथी यादव
करतला। किसी के घर में बुजुर्ग हैं तो किसी के परिवार में छोटे बच्चे। कई परिवार ऐसे हैं, जिनकी रोजी-रोटी का सहारा मजदूरी है। ऐसे गरीब परिवारों के सामने अब राशन का संकट खड़ा हो गया है। ग्राम पंचायत सुवरलोट में एक-दो नहीं, बल्कि 110 हितग्राहियों के राशन कार्ड से नाम हटा दिए गए हैं। राशन मिलना बंद होने से गरीब परिवार परेशान हैं। अपनी समस्या लेकर अब ग्रामीणों ने कलेक्टर के दरवाजे पर दस्तक दी है।
मामला कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुवरलोट का है। ग्रामीणों ने 23 नवंबर को कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर बंद राशन कार्डों को दोबारा चालू कराने और पात्र हितग्राहियों को नियमित राशन दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, शासन की सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उन्हें राशन कार्ड जारी किए गए थे, जिसके माध्यम से वे उचित मूल्य की दुकान से चावल और अन्य खाद्यान्न प्राप्त करते थे। लेकिन अज्ञात कारणों से गांव के 110 हितग्राहियों के राशन कार्ड बंद हो गए और कई लोगों के नाम राशन कार्ड से विलोपित कर दिए गए। इसकी जानकारी मिलने के बाद से ही प्रभावित परिवार राशन के लिए परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावित परिवार बेहद गरीब हैं और अधिकांश लोग मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में राशन कार्ड से नाम कटने के कारण उनके सामने परिवार का पेट भरने की चिंता खड़ी हो गई है। गरीब परिवारों के लिए सरकारी राशन केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन का महत्वपूर्ण सहारा है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए और जिन 110 हितग्राहियों के नाम राशन कार्ड से हटाए गए हैं, उनके प्रकरणों का निराकरण कर पात्र परिवारों के राशन कार्ड पुनः चालू किए जाएं, ताकि किसी भी गरीब परिवार को भोजन के लिए परेशान न होना पड़े।
