सुशील जायसवाल
चंद्रपुर (कोरबा)।
अखिल भारतीय बिंझिया समाज चंद्रपुर-डभरा क्षेत्र द्वारा एक भव्य एवं गरिमामय सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों, शासकीय सेवाओं से सेवानिवृत्त अधिकारियों, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न शासकीय पदों पर नव चयनित युवाओं को सम्मानित कर उनके योगदान और उपलब्धियों का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समाज के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान रहा। इनमें श्री भुवाल सिंह सिदार, पूर्व डिप्टी कमिश्नर एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंझिया समाज तथा श्री जगन्नाथ पुष्प, उप संचालक शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बिंझिया समाज को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। समाज के लोगों ने उनके दीर्घकालीन प्रशासनिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इसके साथ ही हाल ही में विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित हुए युवाओं को भी सम्मान देकर समाज के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
समारोह के दौरान अटल चौक से कृष्णा पैलेस डभरा तक भव्य रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच निकली इस रैली ने पूरे नगर का ध्यान आकर्षित किया। समाज के लोगों ने इसे एकता, सामाजिक समरसता एवं प्रतिभाओं के सम्मान का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रपुर विधानसभा के विधायक रामकुमार यादव, उपस्थित रहे।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी शिक्षा, संगठन और युवा पीढ़ी होती है। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में शांति ताराचंद साहू जिला पंचायत सदस्य शक्ति उपस्थित रहीं। उन्होंने समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों और नव नियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि आज के युवा ही समाज और प्रदेश के भविष्य का निर्माण करेंगे।
कार्यक्रम में फुलेश्वर सिरदार (अध्यक्ष जनपद पंचायत), विमल सिदार (अध्यक्ष कलुवा क्षेत्र), संजय सिदार (अध्यक्ष चंद्रपुर-डभरा क्षेत्र), देवेंद्र सिरदार (युवा मोर्चा अध्यक्ष छत्तीसगढ़), देवेंद्र पुष्प (युवा मोर्चा उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़), भारत सिंह सिरदार (जनपद पंचायत सदस्य), तुलसीकेशर कुंवर (संगठन मंत्री), नवरत्न सिदार (उपाध्यक्ष चंद्रपुर-डभरा क्षेत्र), देवानंद सिदार (सचिव डभरा क्षेत्र) तथा देवकुमार सिदार (सहायक सचिव) सहित भटगांव क्षेत्र के प्रतिनिधि एवं चंद्रपुर-डभरा क्षेत्र के समस्त बिंझिया समाज के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने समाज की एकता, शिक्षा के प्रसार और युवाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि समाज के प्रत्येक प्रतिभावान विद्यार्थी और संघर्षरत युवा को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि समाज शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सके।
पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सम्मान और सामाजिक एकजुटता से परिपूर्ण रहा। समाज के वरिष्ठजनों ने इसे बिंझिया समाज के इतिहास का एक यादगार आयोजन बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम नई पीढ़ी को प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और संगठन की भावना को भी मजबूत करते हैं।
