✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। धमतरी पुलिस ने हत्या की नीयत से किए गए जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी भी बरामद की है, जिससे विवेचना को महत्वपूर्ण वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में थाना मगरलोड एवं पुलिस चौकी करेलीबड़ी की टीम ने 4 जुलाई 2026 को ग्राम हसदा नंबर-1 में हुई इस सनसनीखेज वारदात का तेजी से खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवलाल निषाद (38 वर्ष) निवासी ग्राम हसदा नंबर-1 के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की शाम करीब 5:15 बजे पीड़ित चंद्रहास साहू गांव के पोस्ट ऑफिस के सामने अन्य ग्रामीणों के साथ बैठा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने अपने पास रखी लोहे की हथौड़ी से लगातार हमला कर दिया। पीड़ित ने बचाव का प्रयास किया, जिससे वार सिर पर लगने के बजाय दाहिने जबड़े और दाहिने हाथ की कोहनी पर लगा। हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर रक्तरंजित कंक्रीट, खून से सना रूमाल सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। वहीं आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर जब्त कर ली गई।
चिकित्सकीय रिपोर्ट में पीड़ित की चोटों को गंभीर तथा फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा कि जिले में गंभीर अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
