✍️ भागीरथी यादव
सीएसआर मद से हुआ जीर्णोद्धार, महापौर संजू देवी राजपूत समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद
कोरबा, 26 जुलाई। नगर विधायक एवं प्रदेश के उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने रविवार को बुधवारी स्थित जैन मंदिर परिसर में जैन मिलन समिति के स्वाध्याय भवन के जीर्णोद्धार कार्य का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जनप्रतिनिधि तथा जैन समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री श्री देवांगन ने भगवान महावीर के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित स्वाध्याय भवन का लोकार्पण कर इसे जैन समाज को समर्पित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि जैन समाज का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें हमेशा मिलता रहा है। समाज की ओर से स्वाध्याय भवन के जीर्णोद्धार की मांग रखी गई थी, जिसे प्राथमिकता देते हुए सीएसआर मद से तत्काल स्वीकृति दिलाई गई। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर की कृपा और समाज के सहयोग से आज इस भव्य भवन को समाज को समर्पित करने का अवसर मिला है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कोरबा शहर तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सामाजिक अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न समाजों की मांग के अनुरूप अब तक 56 सामाजिक विकास कार्यों को स्वीकृति देकर तेजी से पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि सुशासन की सरकार में शहर के विकास के साथ-साथ सामाजिक विकास को भी नई गति मिली है। विभिन्न मदों से स्वीकृत विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं, जिससे सभी समाजों और नागरिकों को सीधा लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर जैन समाज की ओर से वरिष्ठ सदस्य श्री सुधीर जैन ने उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कोरबा में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। जैन मिलन समिति को स्वाध्याय भवन के जीर्णोद्धार की सौगात मिलने से समाज में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में जैन समाज के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन, जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, एल्डरमैन ईश्वर साहू, डॉ. प्रिंस जैन, प्रकाश जैन, सोनू जैन, मुकुल जैन, अशोक जैन, प्रमोद जैन, आशीष जैन, पारस जैन, मनीष जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।
