
✍️ भागीरथी यादव
कटघोरा से विशेष खबर
नगर पालिका परिषद कटघोरा के सभा कक्ष में आज सामान्य सभा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 का बहुप्रतीक्षित बजट प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इस बजट में शहर के समग्र और सुनियोजित विकास को केंद्र में रखते हुए कई बड़ी और महत्वाकांक्षी योजनाओं को शामिल किया गया है।

बैठक में पेश किए गए बजट के अनुसार नगर में हाईटेक बस स्टैंड निर्माण, भगवान सहस्त्रबाहु की भव्य मूर्ति स्थापना एवं चौक सौंदर्यीकरण जैसे कार्य प्रमुखता से किए जाएंगे। इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए गौरव पथ निर्माण पर विशेष जोर दिया गया है।

इसके अंतर्गत—
▪️ कटघोरा-कोरबा मार्ग पर चिकित्सालय चौक से जेंजरा चौक तक
▪️ कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर चिकित्सालय चौक से चकचकवा पहाड़ी तक
▪️ कटघोरा-बिलासपुर मार्ग पर चिकित्सालय चौक से जटगा मोड़ तक
गौरव पथ का निर्माण प्रस्तावित है।
वहीं, जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वार्ड क्रमांक 2 के गार्डन परिसर में स्विमिंग पूल निर्माण, वार्ड क्रमांक 12 में जुराली नागोई रोड से गदेली पारा तक सड़क निर्माण, छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापना और वार्ड क्रमांक 01 से 15 तक हाईमास्ट लाइट लगाने जैसे कार्य भी बजट में शामिल किए गए हैं।
इन सभी विकास कार्यों के लिए कुल 78 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है, जो नगर के बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
बैठक के दौरान नगर के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि कटघोरा को छत्तीसगढ़ की एक आदर्श और विकसित नगरपालिका के रूप में स्थापित किया जा सके।
भावुक पल भी बने गवाह
इस अवसर पर नगर पालिका परिवार के दो सम्मानित कर्मचारियों—उप राजस्व निरीक्षक श्री रामाचंद जायसवाल एवं स्वच्छता कर्मी श्रीमती सविता भाई—के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। दोनों को भावभीनी शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया गया, जिससे सभा में भावुक माहौल भी देखने को मिला।
कटघोरा नगर पालिका का यह बजट न केवल विकास की नई इबारत लिखने की तैयारी है, बल्कि शहर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में एक मजबूत कदम भी माना जा रहा है।
