कोरबा : बालको थाने में बेटे पर कार्रवाई के दौरान मां ने किया हंगामा, पुलिस से भिड़ी जाने पूरा मामला……..

✍️ भागीरथी यादव

 

 

शराब पीकर बाइक चलाने पर कार्रवाई के दौरान हंगामा, पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया

कोरबा। बालकोनगर थाना में उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई, जब शराब पीकर बाइक चलाने के मामले में कार्रवाई के दौरान आरोपी की मां पुलिस से उलझ गई। आरोप है कि बेटे को थाने से ले जाने की कोशिश करते हुए महिला ने पुलिसकर्मियों से विवाद किया और प्रशिक्षु थाना प्रभारी का हाथ मरोड़ दिया। मामले में महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उसके बेटे पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

 

पुलिस के अनुसार, घटना 9 अक्टूबर की रात की है। परसाभांठा बाजार चौक के पास अजय यादव शराब के नशे में बाइक चलाते हुए एक महिला के करीब से निकला। इस दौरान बाइक महिला की चुनरी से छू गई और उसके पैर पर चढ़ते-चढ़ते बची। महिला ने बाइक सावधानी से चलाने की बात कही तो अजय ने कथित तौर पर उसके साथ विवाद और अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद महिला अन्य लोगों के साथ शिकायत लेकर बालकोनगर थाने पहुंची।

 

पुलिस ने अजय का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण कराया, जिसमें शराब की मात्रा 169 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर दर्ज हुई। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

 

इसी दौरान अजय की मां रानी यादव थाने पहुंची और कार्रवाई का विरोध करते हुए बेटे को अपने साथ ले जाने लगी। पुलिसकर्मियों ने कागजी कार्रवाई पूरी होने तक इंतजार करने को कहा, लेकिन आरोप है कि महिला ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रशिक्षु थाना प्रभारी ईश्वरी राज की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए अचानक हाथ पकड़कर मरोड़ दिया, जिससे अंगूठे और कलाई में चोट आई। महिला पर पुलिस के शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है।

 

पुलिस ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी की शिकायत पर रानी यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 121, 132, 221, 296 तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।