✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत चिचिया में वनभूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। धान खरीदी केंद्र के संचालन के लिए वनभूमि पर कब्जा किए जाने के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में 16 नवंबर 2026 को आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर के नाम लिखित आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अतिक्रमण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि ग्राम चिचिया अंतर्गत वन परिक्षेत्र कुदमुरा की वनभूमि पर कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर लगभग 4 एकड़ भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर धान उपार्जन केंद्र बनाने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि धान खरीदी केंद्र के लिए पहले से निर्धारित स्थल उपलब्ध होने के बावजूद नए स्थान का चयन कर वनभूमि पर निर्माण एवं कब्जे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
आवेदन में यह भी सवाल उठाया गया है कि जब ग्राम चिचिया में धान उपार्जन केंद्र संचालित करने के लिए पूर्व से स्थल उपलब्ध है, तो फिर दूसरे स्थान पर केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? ग्रामीणों के अनुसार, पुराने स्थल पर धान खरीदी का कार्य संचालित करने में कोई विशेष कठिनाई नहीं है। इसके बावजूद वनभूमि पर नया स्थल विकसित करने की तैयारी समझ से परे है।
शिकायतकर्ताओं ने वनभूमि की वास्तविक स्थिति, भूमि की उपलब्धता और धान खरीदी केंद्र के लिए किए गए स्थल चयन की प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि शासकीय वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या निर्माण नियमों के अनुरूप ही होना चाहिए। यदि वनभूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल स्थल निरीक्षण कराया जाए। कथित अतिक्रमण पर रोक लगाते हुए वनभूमि को कब्जामुक्त कराया जाए तथा धान उपार्जन केंद्र के लिए पहले से उपलब्ध स्थल पर ही खरीदी व्यवस्था संचालित करने पर विचार किया जाए।
इस संबंध में शिकायतकर्ता ईश्वर सिंह राठिया सहित ग्राम चिचिया के अन्य ग्रामीणों ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और वन विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं और वनभूमि पर कथित अतिक्रमण के मामले में क्या कदम उठाते हैं।
