कोरबा: चीताखोल पिकनिक स्पॉट पर असामाजिक गतिविधियों से परेशान ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग…..

✍️ भागीरथी यादव

 

शराबखोरी, कांच की बोतलें तोड़कर बांध में फेंकने और गाली-गलौज से बिगड़ रहा गांव का माहौल, ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

 

कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत सुपातराई के आश्रित ग्राम चीताखोल स्थित पिकनिक स्पॉट पर कथित रूप से असामाजिक गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय ग्रामीण परेशान हैं। पिकनिक मनाने के नाम पर यहां पहुंचने वाले कुछ लोगों द्वारा शराब का सेवन, कांच की बोतलें तोड़कर बांध में फेंकने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने और गाली-गलौज करने जैसी हरकतें किए जाने का आरोप लगाया गया है। इन गतिविधियों से गांव का माहौल प्रभावित होने के साथ ही महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

 

इस संबंध में ग्राम चीताखोल के ग्रामीणों ने 16 नवंबर 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में लिखित आवेदन सौंपकर समस्या के निराकरण और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, ग्राम चीताखोल में स्थित पिकनिक स्पॉट पर आए दिन कुछ बाहरी लोग पहुंचते हैं और वहां शराब का सेवन करते हैं। इसके बाद शराब की कांच की बोतलें तोड़कर बांध में फेंक दी जाती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब के नशे में कुछ लोग गांव के भीतर हुड़दंग करते हैं और महिलाओं तथा बहन-बेटियों के प्रति अश्लील भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज करते हैं।

आवेदन में यह भी बताया गया है कि गांव के अंदर तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल और कार चलाने के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जब कोई ग्रामीण उन्हें ऐसा करने से मना करता है तो विवाद और झगड़े की स्थिति निर्मित हो जाती है। गांव में बच्चे खेलते रहते हैं, ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

 

ग्रामीणों ने आवेदन में पूर्व में मारपीट की घटनाओं का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं होने से गांव के लोग काफी दिनों से परेशान हैं। ग्राम पंचायत की ओर से पिकनिक स्पॉट पर बैरियर भी लगाया गया है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित लोग नियमों की अनदेखी कर वहां पहुंच रहे हैं।

 

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि चीताखोल पिकनिक स्पॉट पर होने वाली इन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही शराबखोरी, हुड़दंग और गांव की शांति भंग करने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे और महिलाएं एवं बच्चे बिना किसी डर के आवागमन कर सकें।

 

अब देखना होगा कि ग्रामीणों की इस शिकायत पर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं।