✍️ भागीरथी यादव
कटघोरा। कटघोरा बाईपास पर डीजल चोरी की वारदात ने ट्रक चालकों और वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार तड़के स्कॉर्पियो सवार 6 से 7 लोगों ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलरों से डीजल चोरी करने का प्रयास किया। इसी दौरान एक ट्रेलर चालक की नजर आरोपियों पर पड़ गई। चालक ने साहस दिखाते हुए अपना वाहन स्टार्ट किया और चोरों के भागने के दौरान उनकी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, तड़के एक स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे संदिग्धों ने बाईपास किनारे खड़े ट्रेलरों को निशाना बनाया। आरोपी ट्रेलरों की टंकियों से डीजल निकाल रहे थे। इसी बीच एक ट्रेलर चालक की नजर उन पर पड़ गई। आरोपियों ने चालक को डराने-धमकाने का प्रयास किया, लेकिन चालक पीछे नहीं हटा। उसने तत्काल ट्रेलर स्टार्ट किया और आरोपियों की स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद उसमें सवार आरोपी मौके से भाग निकले। चालक ने घटना की सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। वाहन की जांच के दौरान डीजल रखने वाले कंटेनर भी बरामद किए गए हैं।
पूरी घटना पास स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां और घटना के दौरान स्कॉर्पियो को टक्कर लगने की तस्वीरें सामने आई हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और जब्त वाहन के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि स्कॉर्पियो जब्त कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि पाली थाना क्षेत्र में भी इससे पहले डीजल चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कटघोरा बाईपास की इस घटना के बाद ट्रक चालकों और मालिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
