कोरबा: पेड़ से लटके मिले युवक-युवती के शव …

✍️ भागीरथी यादव

 

 

लेमरू। थाना क्षेत्र के ग्राम अरेतरा में 18 सितंबर की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही स्थान पर पेड़ से युवक और युवती के शव फंदे पर लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही लेमरू पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान मुकेश यादव और पुनीता मझवार, दोनों निवासी ग्राम अरेतरा के रूप में हुई है। एक ही पेड़ पर दोनों के शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।

गांव में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दोनों ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।