पोड़ी उपरोड़ा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, हजारों दीपों से जगमगाया अंचल

सुशील जयसवाल 

 

 

पोड़ी उपरोड़ा/कोरबी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम 7 बजे विभिन्न स्थानों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा अंचल दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा परिसर में हुआ। यहां मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर, जनपद अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर, जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जनपद परिसर में सैकड़ों दीप जलाकर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा और सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि देश और समाज के विकास में सरकार के प्रयासों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।

 

गांव-गांव और संस्थानों में जले दीप

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों, शासकीय संस्थानों, समितियों और विद्यालयों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ग्राम पंचायत कोरबी में सरपंच राजू मरावी, सचिव मोती राम कोराम एवं पंचों की मौजूदगी में पंचायत भवन परिसर में दीप जलाए गए।

सेवा सहकारी समिति परिसर में 50 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस दौरान पूर्व समिति अध्यक्ष सिरीश पाल सिंह एवं उप सरपंच मुरारी लाल जायसवाल ने केक काटकर प्रधानमंत्री के जन्मदिन की खुशियां मनाईं। समिति अध्यक्ष प्रहलाद सिंह, कर्मचारी और स्थानीय किसान भी मौजूद रहे।

इसी तरह भाजपा मंडल महामंत्री राकेश जायसवाल के निवास पर भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने दीप जलाए और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज (मोरगा) वन परिसर में वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक दुबे के नेतृत्व में वन कर्मचारियों ने दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण का संदेश दिया गया।

वहीं शासकीय सेजेस स्कूल कोरबी, सिरमिना तथा हाई स्कूल लाद में छात्र-छात्राओं ने 50-50 दीप जलाकर विद्यालय परिसर को रोशन किया। विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और जनभागीदारी को विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम दीप प्रज्ज्वलन के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और जनसेवा के संकल्प का संदेश देता नजर आया।