
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरदा भारतमाला मार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भयानक था कि स्कॉर्पियो में सवार लोग वाहन में ही फंस गए। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और राहत टीम ने गैस कटर की मदद से घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान, परिजन झारखंड से रवाना
इस हादसे में मृत युवक की पहचान अरुण कुमार यादव (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले के सुनई गांव का निवासी था। घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजन देर रात झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं।
निजी कंपनी में कार्यरत थे तीनों युवक
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो में कुल तीन लोग सवार थे, जो रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। घायलों की पहचान चंद्र प्रकाश यादव (26 वर्ष, रायपुर निवासी) और नागेंद्र साहू (30 वर्ष, सेमरा, धमतरी निवासी) के रूप में हुई है।
डंपर शिफ्ट करने जा रहे थे
बताया जा रहा है कि तीनों युवक कंपनी के काम से रायपुर से कोरबा दो डंपर शिफ्ट करने जा रहे थे। इसी दौरान तरदा के पास उनकी स्कॉर्पियो सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। अरुण पिछले दो वर्षों से कंपनी में कार्यरत था।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
