कोरबी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 18 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप

कोरबा/कोरबी चोटिया।

जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए युवक को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

मामला पुलिस चौकी कोरबी, थाना पसान का है, जहां अपराध क्रमांक 101/026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(1)क, 34(2) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 02 मई 2026 की रात लगभग 11:32 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में शराब लेकर आने वाला है। सूचना पर चौकी प्रभारी सउनि सुरेश कुमार जोगी अपनी टीम के साथ ग्राम रोदे स्थित हनुमान मंदिर के पास मेन रोड पर घेराबंदी कर जांच शुरू की।

इस दौरान एक प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG 12 AP 5052) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें दो कार्टूनों में कुल 100 नग (प्रत्येक 180 एमएल) गोवा व्हिस्की बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 18 लीटर आंकी गई है।

वाहन चालक की पहचान मोहरलाल प्रजापति (22 वर्ष), निवासी झोरकीपारा, कोरबी के रूप में हुई  वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी मोहरलाल प्रजापति को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है,

इस पूरी कार्रवाई में सउनि सुरेश कुमार जोगी के साथ आरक्षक परमानंद दिवाकर एवं संजय साहू की अहम भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।