चाकूबाजी से युवक की हत्या, 3 आरोपी और 2 नाबालिग गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां सुलह की बातचीत के दौरान चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में 3 आरोपियों और 2 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 2 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे मोपका चौक स्थित कलकत्ता स्वीट्स के पास की है। जानकारी के अनुसार, पूर्व में हुए विवाद को सुलझाने के लिए ओम प्रकाश यादव अपने साथियों के साथ आरोपियों के पास पहुंचा था। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

आरोप है कि आशीष सूर्यवंशी ने अपने पास छुपाकर रखा धारदार चाकू निकालकर अभिषेक यादव के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, ओम प्रकाश यादव भी हमले में घायल हुआ है।

घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन सरकंडा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में आशीष सूर्यवंशी (22 वर्ष), महावीर सूर्यवंशी (23 वर्ष) और रघुवीर सूर्यवंशी (26 वर्ष) शामिल हैं, जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।