
महिलाओं को मिला रोजगार और राशन कार्ड, कॉलेज-स्वास्थ्य-सड़क जैसी समस्याओं पर ग्रामीणों ने उठाई आवाज
सुशील जायसवाल
कोरबा/सिरमिना :- जिले के अंतिम सीमा क्षेत्र ग्राम पंचायत सिरमिना में शुक्रवार 15 मई 2026 को आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शासन की योजनाओं का लाभ मिलने से कई महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। किसी को रोजगार मिला तो किसी को राशन कार्ड की सुविधा। शिविर में कुल 796 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 9 शिकायतें शामिल थीं। प्रशासन ने 4 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि 143 आवेदनों का समाधान शिविर स्थल पर ही कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई गई।
शिविर में ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित समस्याओं को खुलकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने रखा। क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और एंबुलेंस जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग प्रमुख रूप से उठी।
महाविद्यालय की मांग बनी सबसे बड़ा मुद्दा

सुशासन तिहार शिविर में क्षेत्र के लिए महाविद्यालय खोलने की मांग सबसे प्रमुख मुद्दा बनकर सामने आई। ग्राम पंचायत सिरमिना के गणमान्य नागरिक, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पूर्व ब्लॉक सेवादल अध्यक्ष अमृतलाल ताम्रकार ने शासन को आवेदन सौंपते हुए कहा कि सिरमिना, कोरबी सहित आसपास के लगभग डेढ़ सौ गांवों के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए कटघोरा और कोरबा जाने को मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि सिरमिना और कोरबी जिले के अंतिम सीमा क्षेत्र में स्थित हैं, जहां से महाविद्यालय की दूरी लगभग 70 से 75 किलोमीटर है। इतनी दूर जाकर पढ़ाई करना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद कठिन है। दूरी और खर्च के कारण कई छात्र-छात्राएं 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं।
उन्होंने मांग की कि कोरबी क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना होने से सैकड़ों गांवों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र में शिक्षा का स्तर बेहतर होगा।
“गरीब का बच्चा भी डॉक्टर-इंजीनियर बनेगा”
शिविर में मौजूद पालकों और जनप्रतिनिधियों ने भी कॉलेज खोलने की मांग का समर्थन किया। ग्रामीणों ने कहा कि यह आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां अधिकांश परिवार मजदूरी और खेती पर निर्भर हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों को बाहर पढ़ाना संभव नहीं हो पाता।
ग्रामीणों ने भावुक होकर कहा कि यदि क्षेत्र में महाविद्यालय खुल जाए तो गरीब परिवारों के बच्चे भी डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना पूरा कर सकेंगे।

स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था पर फूटा गुस्सा
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की बदहाल व्यवस्था को लेकर जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सिरमिना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से अव्यवस्थाएं बनी हुई हैं। कभी डॉक्टर नहीं रहते तो कभी दवाइयों का अभाव बना रहता है।
उन्होंने अधिकारियों के सामने कहा कि जब डॉक्टर उपस्थित रहते हैं तो दवाइयां नहीं मिलतीं और जब दवाइयां उपलब्ध होती हैं तो डॉक्टर गायब रहते हैं। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने मौके पर मौजूद उच्च अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की।
विधायक ने मानी क्षेत्र की समस्याएं
सुशासन शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने कहा कि जिले का अंतिम सीमा क्षेत्र होने के कारण सिरमिना और आसपास के गांवों में बिजली, पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के कारण जलस्तर गिरने से पेयजल संकट उत्पन्न हुआ है, जिसे गंभीरता से लेते हुए जिला स्तर पर विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
विधायक ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए गए हैं। ग्राम भुकभुकी से खम्हारमुड़ा के बीच अंजन नाला पर पुलिया निर्माण की स्वीकृति दिलाई गई है। इसके अलावा कई गांवों में सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्य भी कराए गए हैं।
अधिकारियों की कार्यशैली पर जताई नाराजगी
शिविर में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों की कार्यशैली पर भी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि कई बार क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को फोन किया जाता है, लेकिन अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं करते।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पिछले दो महीनों से क्षेत्र की आंगनबाड़ियों में रेडी-टू-ईट सामग्री का वितरण नहीं हुआ है, जिससे छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सिरमिना में एंबुलेंस सुविधा की मांग
ग्राम पंचायत सिरमिना की सरपंच श्रीमती कैलाश श्याम ने शिविर में एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र दूरस्थ होने के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी दिक्कत होती है। एंबुलेंस मिलने से ग्रामीणों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम, तहसीलदार सुमन दास मानिकपुरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा जयप्रकाश डडसेना, मनरेगा विभाग से दिलीप मेहता सहित स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, पंचायत और राजस्व विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर, जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़, जनपद सदस्य भारत सिदार, दिनेश कुंती केराम, राकेश जायसवाल, पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अब देखना होगा कि सुशासन तिहार में ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याएं शासन की फाइलों से निकलकर धरातल पर कब तक उतरती हैं।
