✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। शहर में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले फल विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संघर्ष कुमार मिश्र के नेतृत्व में विभागीय टीम ने पुराना बस स्टैंड, पॉवर हाउस रोड और बुधवारी बाजार क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाते हुए 11 फल दुकानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान लगभग 28 किलो खराब एवं सड़े फल जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवाए गए।
निरीक्षण के दौरान राजा नारियल पानी एवं फ्रूट सेंटर, राजेश फ्रूट सेंटर, सर्वमंगला फ्रूट सेंटर, माँ शारदा फ्रूट सेंटर, चौरसिया फ्रूट सेंटर सहित कुल 11 दुकानों का गहन निरीक्षण किया गया। जांच में 15 किलो आम, 4 दर्जन केले, 2 किलो अनार और 7 किलो खरबूजा खराब अवस्था में पाए गए, जिन्हें बिक्री के लिए रखा गया था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी खराब फलों को नष्ट करवाया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान खाद्य सुरक्षा आयुक्त श्री दीपक अग्रवाल, छत्तीसगढ़ के निर्देशन में चलाया जा रहा है, जो 28 और 29 मई 2026 तक जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित, ताजे और गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराना है।
जांच के दौरान टीम ने कृत्रिम मिठास (सैकरीन) के उपयोग और कार्बाइड से फल पकाने जैसी अवैध गतिविधियों की भी पड़ताल की। वहीं जिन दुकानदारों के पास फूड लाइसेंस नहीं पाया गया, उन्हें तत्काल लाइसेंस बनवाने के निर्देश देते हुए भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से फल कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने विभागीय अभियान की सराहना की है।
