भैरवबाबा मंदिर के पास नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में युवक गिरफ्तार, 13 नाइट्रा टेबलेट जब्त

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर, 11 जून 2026। रतनपुर पुलिस ने नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 13 नग नाइट्रोजेपम (नाइट्रा) टेबलेट बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 57,200 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना रतनपुर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि भैरवबाबा मंदिर स्थित पुष्प वाटिका के पास एक व्यक्ति लोगों से विवाद कर रहा है तथा अपने पास नशीली टेबलेट रखकर उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विष्णु यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।

पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान नवीन कुमार बैसवाड़े (28 वर्ष) निवासी उसराभाठा नेवसा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13 नग नाइट्रोजेपम (नाइट्रा) टेबलेट बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स संबंधी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक संतोष पात्रे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली तथा आरक्षक धनराज कुम्भकार और आकाश डोंगरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों और अवैध दवाइयों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।