✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर, 12 जून 2026। थाना चकरभाठा पुलिस ने अड्डेबाजी चेकिंग अभियान के दौरान धारदार बटनदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का बटनदार चाकू और ब्लैक रंग की होंडा एक्टिवा जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 11 जून को चकरभाठा थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी चेकिंग एवं चाकूबाजों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बीएसपी रोड पर पुलिस टीम ने एक युवक को हाथ में बटनदार चाकू लेकर अपनी एक्टिवा में लहराते हुए लोगों को भयभीत करते देखा।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल रजक (19 वर्ष) निवासी विकास नगर, वार्ड क्रमांक 15, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का बटनदार चाकू तथा ब्लैक रंग की होंडा एक्टिवा बरामद कर जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
