परिवार बनकर कर रहे थे गांजा तस्करी, पुलिस ने 18.6 किलो गांजा के साथ गिरोह दबोचा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

14 लाख की संपत्ति जब्त, पुलिस हिरासत से फरार आरोपी को भी कुछ घंटों में दबोचा

धमतरी, 12 जून 2026। धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए परिवार का रूप धारण कर गांजा तस्करी कर रहे अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना सिहावा पुलिस ने एक कार से 18 किलो 626 ग्राम गांजा बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा, कार और मोबाइल फोन सहित लगभग 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के बोलनगीर-भवानीपटना क्षेत्र से महाराष्ट्र की ओर एक सफेद अमेज कार में गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर सिहावा पुलिस ने ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार थे, जो स्वयं को परिवार बताकर यात्रा कर रहे थे।

तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से भूरे रंग के टेप में पैक 18 पैकेटों में कुल 18.626 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा से खरीदकर महाराष्ट्र में बेचने ले जाया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों में नागपुर निवासी प्रवीण रविन्द्र दुबे (34), सोनू प्रवीण खैरकार (29) तथा पलाश गजभिए (32) शामिल हैं। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

हिरासत से भागा आरोपी, पुलिस ने फिर दबोचा

कार्रवाई के दौरान एक नाटकीय घटनाक्रम भी सामने आया। चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाते समय आरोपी पलाश गजभिए हथकड़ी ढीली कर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिलेभर में हाई अलर्ट जारी कर सघन नाकाबंदी की गई। पुलिस की विशेष टीमों ने लगातार तलाश अभियान चलाया और कुछ ही घंटों की मशक्कत के बाद फरार आरोपी को पुनः गिरफ्तार कर लिया।

गांजा तस्करों पर लगातार प्रहार

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में धमतरी पुलिस पिछले छह सप्ताह में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार सात बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। हाल के अभियानों में सैकड़ों किलो गांजा और करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त कर अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया गया है। विशेष रूप से 7 जून को अर्जुनी पुलिस द्वारा 490.818 किलो गांजा और लगभग 2.60 करोड़ रुपये की संपत्ति की जब्ती जिले की पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

धमतरी पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और सक्रिय पुलिसिंग के जरिए मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क को लगातार ध्वस्त किया जा रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेंगे।