✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 12 जून 2026। सड़क सुरक्षा को लेकर धमतरी पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष यातायात अभियान के तहत यातायात पुलिस ने मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारियां ढोने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार पिकअप वाहनों पर कुल 21,200 रुपये का जुर्माना लगाया है।

यातायात पुलिस द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान चार पिकअप वाहन परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए मालवाहक वाहनों में सवारियां ले जाते पाए गए। इस पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान दो वाहन चालकों से 5,300-5,300 रुपये तथा अन्य दो चालकों से 5,000 और 5,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जिन वाहनों पर कार्रवाई की गई उनमें सीजी 06 जीई 4628, सीजी 05 एवी 2557, सीजी 05 एएफ 0912 और सीजी 05 पीक्यू 7346 क्रमांक की पिकअप शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि संबंधित वाहनों के परमिट निरस्तीकरण तथा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की वैधानिक प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को मालवाहक वाहनों में सवारी न ढोने की सख्त हिदायत दी गई तथा यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें। पुलिस का कहना है कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है। “यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें एवं दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित बनाएं” के संदेश के साथ पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है।
