दीपका-हरदी बाजार बायपास पर ट्रेलरों का कब्जा, रोजाना लग रहा लंबा जाम; रजनीश तिवारी ने थाना प्रभारी से की सख्त कार्रवाई की मांग

✍️ भागीरथी यादव

 

 

गेवरा-दीपका। दीपका-हरदी बाजार बायपास, थाना चौक और कॉलोनी प्रवेश मार्ग पर भारी ट्रेलरों की अवैध पार्किंग से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर बेतरतीब ढंग से खड़े ट्रेलरों के कारण रोजाना कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों, कर्मचारियों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस गंभीर समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं रायगढ़ प्रभारी रजनीश तिवारी ने दीपका थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुख्य मार्ग और नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े ट्रेलरों पर दंडात्मक कार्रवाई करने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

रजनीश तिवारी ने कहा कि गेवरा-दीपका क्षेत्र कोयला खदानों और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। बावजूद इसके, भारी वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और सुबह-शाम के व्यस्त समय में लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि सड़क किनारे और मोड़ों के पास खड़े ट्रेलरों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। रात के समय दृश्यता कम होने से दुपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो जाती है।

रजनीश तिवारी ने आरोप लगाया कि लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन यातायात पुलिस और स्थानीय थाना स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ट्रेलर चालकों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग यार्ड की व्यवस्था की जाए, मुख्य सड़कों पर ट्रेलरों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित की जाए तथा पीक ऑवर के दौरान भारी वाहनों के आवागमन पर भी नियंत्रण लगाया जाए, ताकि आम जनता को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिल सके।