✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम गिधावा में दबिश देकर महिला के घर से 1.150 किलोग्राम गांजा, नगद राशि और एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 49,650 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गिधावा में एक महिला अपने घर से गांजा बेच रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में महिला के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पलंग के नीचे रखे एक थैले से 1.150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान महिला गांजा रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके अलावा पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 2,650 रुपये नकद और एक की-पैड मोबाइल फोन भी जब्त किया।
गिरफ्तार महिला की पहचान धनेश्वरी साहू (39 वर्ष), पति कोमल साहू, निवासी ग्राम गिधावा, थाना सिहावा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपिया के विरुद्ध थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 49/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। कार्रवाई के बाद महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन या भंडारण की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
