✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस ने नशे की हालत में युवक को निशाना बनाकर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने की बाली चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को ग्राम ढेका निवासी श्रवण कुमार ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई कि वह मुक्तिधाम के पास स्थित शराब भट्ठी के समीप नशे की हालत में था। इसी दौरान दो युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए और उसकी पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा सोने की बाली चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत मिलते ही थाना तोरवा में मामला दर्ज कर थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल (CG-10 BN-7932), मोबाइल फोन और सोने की बाली बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीस मसीह (40 वर्ष), निवासी देवरीडीह तथा अरुण उर्फ गोलू नेताम (20 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। तोरवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
