कोरबा अवैध खनन पर चला शिकंजा, 9 वाहन जब्त, माफियाओं में हड़कंप

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 03 जुलाई। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। लगातार की जा रही इस कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

खनिज उड़नदस्ता दल ने भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी, सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पाली, ढुकुपथरा, बाल्को, कसनिया, कटघोरा, उरगा, पताढ़ी सहित जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे 4 ट्रैक्टर, 2 टीपर और 1 जेसीबी, लाल ईंट का अवैध परिवहन कर रहे 1 टीपर तथा निम्न श्रेणी चूना पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे 1 हाईवा को जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों को थाना पाली, थाना सिविल लाइन रामपुर, थाना हरदीबाजार, खनिज जांच नाका उरगा तथा खनिज जांच नाका कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।