✍️ भागीरथी यादव
एनएचएआई ने पूरा किया मरम्मत कार्य, मानसून से पहले यातायात हुआ सुरक्षित और सुचारु
कोरबा, 3 जुलाई 2026।
कटघोरा से अंबिकापुर के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों, व्यापारियों और वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा–शिवनगर खंड पर गुरसियाँ स्थित तान नदी ब्रिज का मरम्मत कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया गया है। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने पुल को शुक्रवार से आम यातायात के लिए पुनः खोल दिया है।
परियोजना कार्यान्वयन इकाई, बिलासपुर के परियोजना निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए पुल की आवश्यक संरचनात्मक मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरी की गई। इसके चलते अब इस मार्ग पर यातायात पूरी क्षमता के साथ सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। पुल की रेलिंग से संबंधित शेष कार्य भी अगले कुछ दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
तान नदी ब्रिज के खुलने से कटघोरा–अंबिकापुर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह सामान्य हो गया है। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, बस संचालकों और भारी वाहनों के चालकों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें पिछले दिनों वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा था।
एनएचएआई ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सड़क अवसंरचना उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव और मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से लगातार किए जा रहे हैं।
