✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। कोरबा पुलिस ने दीपका स्थित यूनियन बैंक की शाखा में सेंधमारी कर चोरी के प्रयास के मामले का सफल खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, थाना दीपका क्षेत्र अंतर्गत प्रगतिनगर स्थित यूनियन बैंक शाखा में 4 जून 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने बैंक के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करने और चोरी का प्रयास किया था। मामले की शिकायत शाखा प्रबंधक द्वारा थाना दीपका में दर्ज कराई गई, जिस पर अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4) एवं 62 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और लगातार की गई जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद टीम ने हरियाणा के रोहतक में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतेन्द्र बड़क (33 वर्ष) एवं परवीन कुमार (36 वर्ष) निवासी रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त की है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या अपराध की सूचना तत्काल निकटतम थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
