स्वामी आत्मानंद विद्यालय कोरबी-चोटिया में नशा मुक्ति जागरूकता रैली

सुशील जयसवाल

 

 

चित्रकला प्रतियोगिता व पौधारोपण से बच्चों ने दिया सामाजिक संदेश

कोरबी-चोटिया (संवाददाता: सुशील जायसवाल)। विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरबी स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट (अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम) विद्यालय में शनिवार को “नशा मुक्ति जागरूकता अभियान-2026” के तहत जागरूकता रैली, चित्रकला प्रतियोगिता एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा मुक्त समाज और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विद्यालय परिसर से निकली जागरूकता रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया। इसके साथ आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया।

हिंदी माध्यम में रिमझिम गुप्ता (कक्षा 12वीं विज्ञान) प्रथम, योगिता कुर्रे (कक्षा 10वीं) द्वितीय तथा सुजाता (कक्षा 12वीं विज्ञान) तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं अंग्रेजी माध्यम में अस्मी ने प्रथम, कविता ने द्वितीय और याचना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष राकेश जायसवाल, ग्राम पंचायत कोरबी के सरपंच राजूराम मरावी, उपसरपंच मुरारी लाल जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य एस.के. दिनकर के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर श्रीमती एस. जायसवाल, एस.के. चौबे, टी.एस. शांडिल्य, डी.एल. कुंभकार, सुश्री पी. कश्यप, ए. सारथी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित किया।