वनरक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर 4.93 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र थमाने का आरोप; एसपी से शिकायत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम पोड़ीखोहा धनगांव, अजगरबहार निवासी बुधवार सिंह कंवर ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि ग्राम चोढ़ा निवासी विनोद सिंह कारपे ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी और मंत्रालय में पहुंच रखने वाला बताकर उसकी बहन को वनरक्षक पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इस दौरान उसने कुल 4 लाख 93 हजार 500 रुपये लेकर शासन के नाम से कथित फर्जी मेरिट सूची और नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध कराया।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने वर्ष 2023 में किश्तों और नकद के माध्यम से रकम ली। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय के लेटरपैड पर कथित मेरिट सूची तथा वन मंडल अधिकारी के हस्ताक्षर और सील युक्त नियुक्ति पत्र देकर भरोसा दिलाया कि नौकरी लग चुकी है। बाद में ज्वाइनिंग के लिए संपर्क करने पर आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया।

पीड़ित ने जब दस्तावेजों की जांच कराई तो कथित तौर पर मेरिट सूची और नियुक्ति पत्र फर्जी पाए गए। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और ठगी की कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ यूपीआई भुगतान के स्क्रीनशॉट और अन्य दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपी पर इसी तरह कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप हैं और ठगी की रकम करीब 75 लाख रुपये तक पहुंचने की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।