✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 8 अगस्त। वर्षा ऋतु में खनन और कोयला निकासी कार्यों में आने वाली चुनौतियों के बीच एसईसीएल प्रबंधन ने गेवरा ओपन कास्ट प्रोजेक्ट में संचालन व्यवस्था की समीक्षा की। एसईसीएल के निदेशक (टेक्निकल/ऑपरेशन्स) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने गेवरा क्षेत्र का दौरा कर कोयला निकासी, लदान और प्रेषण कार्यों का जायजा लिया।
दौरे के दौरान निदेशक ने कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) और साइलो सर्किट का निरीक्षण किया। फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (एफएमसी) सिस्टम के माध्यम से हो रही मशीनीकृत कोयला निकासी की व्यवस्था और सीएचपी-साइलो कॉम्प्लेक्स के कामकाज की समीक्षा की गई।
उन्होंने अधिकारियों से उपकरणों की विश्वसनीयता बढ़ाने, प्रोडक्टिविटी में सुधार तथा बिना रुकावट कोयला निकासी सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की। निदेशक ने मशीनीकृत कोयला हैंडलिंग व्यवस्था का अधिकतम उपयोग करने और प्रिवेंटिव मेंटेनेंस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए समय पर कोयला डिस्पैच सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसईसीएल एवं गेवरा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
