सरस्वती साइकिल योजना: कोरबी स्कूल की 42 छात्राओं को मिली साइकिल

सुशील जयसवाल

 

कोरबी चोटिया। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम पंचायत कोरबी स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में शुक्रवार, 14 अगस्त को सरस्वती कन्या साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 42 पात्र छात्राओं को निशुल्क साइकिल प्रदान की गई। साइकिल मिलते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोरबी के सरपंच राजूराम मरावी, उप सरपंच मुरारी लाल जायसवाल, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष राकेश जायसवाल, जनपद सदस्य श्रीमती कुंती केराम तथा विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एस.के. दिनकर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छात्राओं को शिक्षा से जोड़े रखने में साइकिल योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कई छात्राओं को स्कूल आने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। साइकिल मिलने से उनका आवागमन आसान होगा और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकेंगी।

 

शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि सरकार द्वारा छात्राओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। प्रभारी प्राचार्य एस.के. दिनकर ने बताया कि कक्षा 9वीं की 42 पात्र छात्राओं को साइकिल वितरित की गई है। इससे छात्राओं के समय की बचत होगी और पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा।

 

साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं और उनके अभिभावकों ने शासन-प्रशासन एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।