अग्रवाल सभा ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

✍️ भागीरथी यादव

 

 

दर्री-जमनीपाली-जैलगांव, 15 अगस्त 2026। अग्रवाल सभा दर्री-जमनीपाली-जैलगांव द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अग्रसेन भवन, दर्री-जमनीपाली में गरिमामय ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजजनों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

समारोह के मुख्य अतिथि जिला चैम्बर ऑफ कॉमर्स, कोरबा के महामंत्री नरेन्द्र अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि जिला चैम्बर ऑफ कॉमर्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश अग्रवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा के संरक्षक प्रेम अग्रवाल ने की।

ध्वजारोहण के बाद परिसर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के जयघोष से गूंज उठा। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने समाजजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना सभी का दायित्व है।

मुख्य अतिथि नरेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता देशवासियों के संघर्ष और बलिदान की अमूल्य विरासत है। हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। विशिष्ट अतिथि नरेश अग्रवाल ने युवाओं से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के पदाधिकारी, सदस्य, समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ समाज एवं देशहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह ने सामाजिक एकता, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना का संदेश दिया।