मवेशी को बचाने के प्रयास में पलटा ऑटो, चालक गंभीर

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पताढ़ी ओवरब्रिज के पास कनकी मेला घूमकर लौट रहा एक परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में ऑटो चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं।

 

जानकारी के अनुसार ऑटो क्रमांक CG 12 BC 1740 में एक परिवार कनकी मेला घूमकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान ऑटो के सामने अचानक एक आवारा मवेशी आ गया। मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक ने ऑटो को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

 

हादसे में सालियाभाटा निवासी ऑटो चालक नरेश कुमार को गंभीर चोटें आईं। वहीं ऑटो में सवार परिवार के अन्य सदस्यों को मामूली चोटें लगी हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सहायता की और घायल चालक को 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

 

सड़क पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। रात के समय सड़क पर घूमने वाले मवेशी वाहन चालकों को आसानी से दिखाई नहीं देते। मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी सहित अन्य सुरक्षा उपाय नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

 

ऐसे में सड़क पर घूम रहे आवारा मवेशियों की व्यवस्था करने और उनके लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

 

कोरबा से शांतनु मिश्रा की रिपोर्ट