सूरजपुर में म्यूल अकाउंट से खुला साइबर ठगी का बड़ा राज, 113 करोड़ से ज्यादा का लेन-देन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सूरजपुर। जिले में म्यूल बैंक अकाउंट की जांच के दौरान साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि देश के 21 राज्यों में करीब 150 बैंक खातों के जरिए साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी गतिविधियां संचालित हुईं और इन खातों में 113 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक का संदिग्ध लेन-देन हुआ है।

सूरजपुर थाने में म्यूल अकाउंट के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस को मामले की जानकारी भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के ज्वाइंट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन पोर्टल से मिली थी। जांच में साइबर ठगी की रकम सूरजपुर के एक बैंक खाते में पहुंचने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने खाते और उससे जुड़े लोगों की पड़ताल शुरू की।

जांच में भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में D N चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से संचालित खाते का संबंध देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी से सामने आया। पुलिस ने संस्था से जुड़े महेश कुमार चक्रधारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वह पहले भी साइबर फ्रॉड के मामले में जेल जा चुका है।

मामले में देवनारायण चक्रधारी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। खाते में कितनी रकम पहुंची और उसे आगे कहां ट्रांसफर किया गया, इसकी जांच जारी है। पुलिस को इस नेटवर्क में अन्य लोगों के शामिल होने की भी आशंका है।