कोरबा पॉश कॉलोनी में चोरों का धावा, सूने मकान से सामान पार

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा, 24 अगस्त। शहर की पॉश कॉलोनी पावर हाइट्स में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात सामने आई है। घंटाघर-बुधवारी मार्ग स्थित कॉलोनी के मून ब्लॉक में चोरों ने मकान की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे व अलमारी खंगालकर सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, मून ब्लॉक निवासी विशाल गुप्ता बालको प्लांट में कार्यरत एलआईपीएल ठेका कंपनी में अधिकारी हैं। शनिवार रात उन्हें एक रिश्तेदार के निधन की सूचना मिली, जिसके बाद वह मकान में ताला लगाकर रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि विशाल गुप्ता फिलहाल दूसरे मकान में किराए से रह रहे हैं। उनके घर से निकलने के कुछ ही घंटों बाद चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।

चोरों ने मकान की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों के साथ अलमारी को भी खंगाला। घर में रखे सामान पर हाथ साफ करने के बाद आरोपी फरार हो गए। चोरी गए सामान और उसकी कुल कीमत का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

इधर, घटना के बाद कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो कई कैमरे खराब पाए गए। सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद चोरी होने और निगरानी के लिए लगाए गए कैमरों के काम नहीं करने से कॉलोनीवासियों में चिंता बढ़ गई है। रहवासियों का कहना है कि यदि सीसीटीवी कैमरे चालू होते तो चोरों की गतिविधियों का सुराग मिल सकता था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी है। चोरी की इस वारदात ने शहर की पॉश कॉलोनियों में सुरक्षा इंतजामों की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।