✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। मिशन रोड में एक परिवार के घर उस समय हड़कंप मच गया, जब पालतू तोतों के पिंजरे में नाग फन फैलाए बैठा मिला। परिवार जब तोतों को देखने पहुंचा तो एक तोता मृत मिला, जबकि दूसरा नाग के बीच फंसा हुआ था।
परिवार ने बताया कि दोनों तोतों को लंबे समय से बच्चों की तरह पाल रखा था। घटना की सूचना नोवा नेचर फाउंडेशन की वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को दी गई। टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी के निर्देश पर रेस्क्यू सदस्य बॉबी श्रीवास मौके पर पहुंचे।
छोटे पिंजरे में फन फैलाए नाग को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर नाग को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसके शरीर पर संघर्ष के निशान भी मिले। बाद में वन विभाग के नियमानुसार नाग को उसके प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वहीं, पालतू तोते के खोने से परिवार भावुक नजर आया।

