✍️ भागीरथी यादव
कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में की कार्रवाई, दोनों आरोपियों को न्यायालय में किया पेश
कोरबा। फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को दो महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। पुलिस ने पांच वर्ष पुराने मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी सहित मारपीट के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, स्थायी वारंटी आलोक सागर उर्फ सोना, पिता राजेश सागर, निवासी माझी मोहल्ला धनुहारपारा, कोरबा के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 137/20 के तहत धारा 147, 455, 364, 294, 506, 323 भादवि तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज था। आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया गया था, लेकिन पेशी के दौरान अनुपस्थित होने के बाद वह फरार हो गया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे 30 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया।
इसी तरह मारपीट के मामले में फरार आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया, पिता अमीत कुरैशी, उम्र 28 वर्ष, निवासी सीतामणी चंडिका मंदिर के पास, मेन रोड, कोरबा को भी गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 759/26 के तहत धारा 119(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथी गौतम उर्फ काड़े के साथ मिलकर प्रार्थी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई गई। मामले में गौतम उर्फ काड़े को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। फरार समीर कुरैशी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से फरार आरोपियों अथवा वारंटियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
