कोरबा: पीएम आवास योजना में धांधली पर प्रशासन का शिकंजा, तकनीकी सहायक बर्खास्त; पंचायत सचिव निलंबित

✍️ भागीरथी यादव

 

 

पीएम आवास योजना में गड़बड़ी पर प्रशासन का शिकंजा, तकनीकी सहायक बर्खास्त; पंचायत सचिव निलंबित

 

कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलकेजा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के क्रियान्वयन को लेकर सामने आई कथित अनियमितताओं के मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। विभागीय जांच के बाद तकनीकी सहायक अभिषेक चौरसिया को सेवा से पृथक कर दिया गया है, जबकि पंचायत सचिव नवीता दुबे को निलंबित कर जनपद पंचायत मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले में पुलिस ने भी छह लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

मामले की शुरुआत शिकायत के आधार पर योजना से संबंधित दस्तावेजों में गड़बड़ी और अपात्र लोगों को लाभ पहुंचाए जाने की आशंका जताते हुए जांच की मांग की गई थी। इसके बाद जिला प्रशासन स्तर पर उपलब्ध अभिलेखों की जांच कराई गई।

 

ग्राम सभा की कार्यवाही पर उठे सवाल

 

जांच के दौरान 18 जुलाई 2024 को आयोजित विशेष ग्राम सभा के रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में आए। उपलब्ध दस्तावेजों के मुताबिक ग्राम सभा में 214 नामों का वाचन किया गया था। आरोप है कि इनमें से 66 नामों को अपात्र मानते हुए सूची से हटाया गया था। बाद की प्रक्रिया में इन्हीं नामों को पात्र बताकर कार्रवाई आगे बढ़ाने और रिकॉर्ड तैयार करने की शिकायत सामने आई।

 

जांच में यह भी सामने आया कि 23 जून 2026 को प्रधानमंत्री आवास योजना के पोर्टल पर संबंधित प्रविष्टियां की गईं। इसके बाद कुछ हितग्राहियों के बैंक खातों में योजना की पहली किस्त की राशि पहुंचने की जानकारी सामने आई। जांच अधिकारियों ने कुछ लाभार्थियों की पात्रता को लेकर भी सवाल दर्ज किए हैं।

 

दस्तावेज नहीं देने पर बढ़ी कार्रवाई

 

जिला स्तरीय जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पासबुक, पहचान पत्र, मृत्यु रजिस्टर सहित अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया था। प्रशासन के अनुसार निर्धारित अवधि में अपेक्षित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। नोटिस जारी किए जाने के बावजूद जवाब को भी संतोषजनक नहीं माना गया।

 

जांच प्रक्रिया के बाद पंचायत सचिव नवीता दुबे के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई। वहीं, जिला पंचायत की जांच रिपोर्ट के आधार पर तकनीकी सहायक अभिषेक चौरसिया को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।

 

छह लोगों के खिलाफ FIR

 

मामले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के जिला समन्वयक आशीष कुमार की शिकायत पर उरगा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 0536/2026 दर्ज किया है। प्रकरण में देवानंद श्रीवास, अभिषेक चौरसिया, ध्रुव कुमार साहू, धनंजय पटेल, रामेश्वरी कंवर और पंचायत सचिव नवीता/नमीता दुबे को आरोपी बनाया गया है।

 

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(5) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अब पुलिस दस्तावेजों, लाभार्थियों और कथित वित्तीय लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। मामले में आरोपों की वास्तविकता और प्रत्येक नामजद व्यक्ति की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।