कोरबा: बांकीमोंगरा में डकैती और केबल चोरी मामले में धरम गिरफ्तार……

✍️ भागीरथी यादव

 

 

घुड़देवा खदान डकैती और केबल चोरी का था मास्टरमाइंड 

 

कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र स्थित घुड़देवा खदान 3/4 में हुई डकैती और केबल चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में घुड़देवा खदान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, डकैती और लूट की घटनाओं में संलिप्त धरम सिंह राजपूत को मुख्य मास्टरमाइंड के रूप में पकड़ा गया है।

बांकीमोंगरा पुलिस ने बताया कि प्रकरण क्रमांक 179/2026 की जांच के दौरान आरोपी की संलिप्तता सामने आई। मामले में पूर्व में कार्रवाई करते हुए तीन बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि सात विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से केबल तार काटने में प्रयुक्त हथियार और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है। पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उप जेल कटघोरा भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।