मुखबिर की खबर पक्की, शराब पकड़ी गई मगर तस्करों की चाल उससे भी तेज……

✍️ भागीरथी यादव

 

 

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ क्षेत्र में दूसरे राज्य की शराब खपाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की करीब 45 पेटियां बरामद की हैं। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही रायपुर पासिंग स्कॉर्पियो को भी जब्त किया गया है।

जानकारी के मुताबिक आबकारी विभाग को पहले से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश से शराब की खेप वाहन के जरिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर प्रभारी अनिल सिंह के नेतृत्व में टीम ने झिंझारी-मडियान रोड के बीच घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब मिली।

कार्रवाई के दौरान वाहन में मौजूद लोग स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए। आबकारी टीम ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जब्त शराब ने बढ़ाए कई सवाल

मध्यप्रदेश निर्मित शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे आगे किस स्थान पर खपाया जाना था। वहीं, पहले से सूचना और नाकेबंदी के बावजूद आरोपियों के मौके से निकल जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल विभाग ने जब्ती की कार्रवाई के बाद फरार आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।