✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/उरगा। ग्राम पहांदा में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने नगर सेना कर्मी के सूने मकान को निशाना बनाकर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत एक लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
मकान मालिक दिलीप रात्रे बाहर गए थे, जबकि परिवार के सदस्य डोंगरगढ़ गए हुए थे। घर खाली देखकर चोर अंदर घुसे और अलमारी से नकदी व जेवरात निकाल लिए। इसी दौरान ग्रामीणों को भनक लग गई और शोर मचाने पर चोर अपनी स्कूटी मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
सूचना पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट टीम की मदद से जांच की गई। पुलिस ने स्कूटी को कब्जे में लेकर उसके आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
