
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/दर्री। दर्री पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में अपनी प्रभावी कार्रवाई का नमूना पेश किया है। पिछले कुछ दिनों से लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले गिरोह को पुलिस ने पकड़कर बड़ा कदम उठाया। प्रगति नगर और बाकी मोगरा के कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 2 नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह मिलकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। हाल ही में एचपी पेट्रोल टंकी पर हमला कर आरोपियों ने लोगों के सामान और नकदी छीनने की घटना को अंजाम दिया। इसके अलावा सुमेधा पुल के पास एक व्यक्ति से मोबाइल, पैसा और वाहन छीनने की वारदात और बौद्ध विहार क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं से भी यह गिरोह जुड़ा पाया गया।
दर्री पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों से कुछ बरामदगी भी की। सभी आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए कटघोरा जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रशासन की सतर्कता, योजनाबद्ध कार्रवाई और इलाके में सुरक्षा बनाए रखने की प्रतिबद्धता से क्षेत्रवासियों में विश्वास बढ़ा है। इस कार्रवाई से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।






