
✍️ भागीरथी यादव
रायपुर। राजधानी में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर हाई अलर्ट जारी था, लेकिन इसी बीच कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात हो गई। बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को इतना महंगा पड़ गया कि बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।
रात 10 बजे हुई घटना
जानकारी के अनुसार पीड़ित रौनक तांडी रात करीब 10 बजे अपनी बहन के साथ घर के पास किसी काम से निकला था। तभी क्षेत्र के बदमाश हर्ष सोनी, नवीन सोनी, रैंबो सैंदरे और ईशान दीप ने युवती के साथ अभद्रता की कोशिश की। रौनक ने विरोध किया और उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी से बौखलाए आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अचानक रौनक पर चाकू तान दिया।
युवक के शरीर पर कई गहरे घाव
हमले में रौनक के हाथ, सीने और पीठ पर गहरे घाव आए। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश में विशेष टीम गठित की गई है। सभी आरोपी घटना के बाद फरार हो गए।
FIR दर्ज, आरोपियों की सरगर्मी से तलाश
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, छेड़छाड़ सहित कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
हाई अलर्ट में भी अपराधियों के हौसले बुलंद
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। हाई अलर्ट के बीच खुलेआम हुई यह वारदात शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।






