✍️ भागीरथी यादव
सक्ती। गोमती अस्पताल के सामने खड़ी बाइक को चोरी करना आरोपियों को भारी पड़ गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की हीरो एचएफ डिलक्स बाइक क्रमांक CG09X2064 बरामद की गई है। जांच में आरोपियों के चोरी की बाइक की खरीद-फरोख्त से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है।
दरअसल, 26 सितंबर को एक व्यक्ति अपनी मां का इलाज कराने गोमती अस्पताल पहुंचा था। उसने अस्पताल के सामने अपनी बाइक खड़ी की और अंदर चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटा तो बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद भी जब बाइक का पता नहीं चला तो उसने सक्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 412/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को करन कुमार कुर्रे के संबंध में जानकारी मिली। पूछताछ में उसने बाइक चोरी में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर ली गई।
मामले की आगे जांच में रेहान खान, नागेन्द्र कुमार पटेल और सोमनाथ सहिस के भी इस पूरे खेल में शामिल होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है।
चारों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों में करन कुमार कुर्रे (19), निवासी बाराद्वार, रेहान खान (19), निवासी सोठी सक्ती, नागेन्द्र कुमार पटेल (26), निवासी वार्ड क्रमांक 4 सक्ती और सोमनाथ सहिस (27), निवासी वार्ड क्रमांक 1 सक्ती शामिल हैं।
