
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, केसीसी चेक और राशन कार्ड मिलने से खिले ग्रामीणों के चेहरे
आवास, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और पेंशन की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उठाई आवाज
सुशील जायसवाल
कोरबा/लमना :- जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत लमना में मंगलवार 19 मई 2026 को आयोजित सुशासन तिहार जन समस्या निवारण समाधान शिविर में भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। किसी को रोजगार मिला तो किसी को राशन कार्ड, वहीं कई हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं केसीसी चेक का लाभ भी प्रदान किया गया।

शिविर में कुल 718 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1 शिकायत आवेदन शामिल रहा। प्रशासन द्वारा कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा 138 आवेदनों का समाधान शिविर स्थल पर ही निपटारा कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई गई।

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी समस्याओं को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने खुलकर रखा। क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास एवं पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। ग्रामीणों ने कहा कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्र होने के कारण उन्हें आज भी कई आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

सुशासन तिहार जन समस्या निवारण शिविर लमना की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण क्षेत्र में जलस्तर लगातार गिर रहा है, जिससे पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
कई विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस शिविर में जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम, पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, तहसीलदार सुमन दास मानिकपुरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयप्रकाश डडसेना, मनरेगा विभाग से दिलीप मेहता सहित स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, पंचायत एवं राजस्व विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़, जनपद सदस्य भारत सिदार, सरपंच श्रीमती रितु रानी सिदार, जवाहर सिंह, मान सिंह, सरपंच प्रतिनिधि हार सिंह कंवर, लाल बहादुर सिंह, शनिचराम, मनोहर सिंह बिंझवार, बरतु टोप्पो सहित लमना क्लस्टर क्षेत्र के 11 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
