गिट्टी क्रेशर प्लांट में चोरी और आगजनी, चार आरोपी गिरफ्तार, 70 हजार से अधिक का नुकसान

सुशील जयसवाल

 

 

कोरबा/कोरबी-चोटिया। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम छिंदिया स्थित एक गिट्टी क्रेशर प्लांट में चोरी और आगजनी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में करीब 70 हजार रुपये से अधिक मूल्य के सामान की चोरी और आगजनी से नुकसान होने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार ठेकेदार हरिशंकर राठौर के गिट्टी क्रेशर प्लांट में कार्यरत सुपरवाइजर सुरेश कुमार राज (47) ने कोरबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पिछले कई महीनों से प्लांट का कार्य बंद होने के कारण श्रमिक और स्टाफ वहां नहीं रह रहे थे, लेकिन वे समय-समय पर प्लांट की देखरेख के लिए पहुंचते थे।

शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे प्लांट पहुंचने पर उन्होंने गांव के शिव कुमार सरुता, देव सिंह सरुता, अनिल कुमार ओरकेरा और बिहारी लाल कोराम को लेबर क्वार्टर की छत से लोहे की चादर निकालते देखा। पूछताछ करने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

इसके बाद स्टाफ रूम की जांच करने पर ताला टूटा मिला। कमरे के अंदर कपड़े, बिस्तर और अन्य सामान जला हुआ था तथा कई सामान चोरी हो चुके थे। आरोपियों ने कमरे में आग लगाने के साथ-साथ तोड़फोड़ भी की थी।

चोरी गए सामान में पांच पंखे, एक लकड़ी की दीवान, एक तख्त, दो लोहे की आलमारियां, रसोई के बर्तन, तीन लोहे के दरवाजे, दस लोहे की चादरें तथा लेबर क्वार्टर के चार लोहे के दरवाजे सहित अन्य सामग्री शामिल है। पीड़ित के अनुसार चोरी और क्षति की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये आंकी गई है।

मामले की सूचना मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी और आगजनी की घटना स्वीकार कर ली। उनके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई लोहे की चादरों के कुछ हिस्से, आलमारी के टुकड़े तथा एक लोहे का दरवाजा बरामद किया।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है तथा शेष चोरी गए सामान की बरामदगी और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।