सुशील जायसवाल
कोरबा (कोरबी-चोटिया)
कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बगाही में एक विवाहित महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच के बाद उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि महिला अपने पति के कथित अवैध संबंध, लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना से लंबे समय से परेशान थी। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बगाही निवासी मूलचंद ओरकेरा (27 वर्ष) ने चौकी कोरबी में सूचना दी थी कि उसकी पत्नी कलावती ओरकेरा ने घर के किचन में साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी के कारण श्वासावरोध होना पाया गया।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की मां, भाई, बहन, भाभी सहित अन्य परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। जांच में पता चला कि आरोपी पति का दूसरी महिला से कथित अवैध संबंध था। जब कलावती इसका विरोध करती थी, तो आरोपी उसके साथ मारपीट करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। लगातार हो रही प्रताड़ना के कारण महिला मानसिक तनाव में रहने लगी थी।
पुलिस को जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी मूलचंद ओरकेरा पिता देव सिंह ओरकेरा, निवासी ग्राम बगाही, चौकी कोरबी, थाना पसान, जिला कोरबा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज किया गया।
चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम बगाही की इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने महिलाओं के साथ होने वाली घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना के मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
